लोकसभा चुनाव के लिये प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारक अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज उन्नाव, हरदोई और शाहजहांपुर में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। श्री योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों को आज भी अखिलेश यादव के शासनकाल की खराब कानून व्यवस्था याद है। उन्होंने कहा कि यह विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का चुनाव है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज लखनऊ में जनसभा में हिस्सा ले रहे हैं।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने आज आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सरकार के दबाव में काम कर रहा है। वाराणसी में उन्होंने कहा कि जब पहले दो चरण का मतदान खत्म हो गया तो 11 दिन बाद वास्तविक मतदान प्रतिशत बताने का क्या मतलब है। दूसरी ओर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज शाम रायबरेली में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस सीट से उनके भाई और कांग्रेस नेता राहुल गांधी चुनाव लड़ रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को रायबरेली सीट और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलौत को अमेठी सीट पयर्वेक्षक नियुक्त किया है। अमेठी सीट से गांधी परिवार से नजदीकी किशोरीलाल शर्मा कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने आज कन्नौज में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने कन्नौज में गौरी शंकर मंदिर में दर्शन किये और मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस सरकार के राज में देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं हैं।
Site Admin | मई 6, 2024 7:48 अपराह्न
लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश में स्टार प्रचारक अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे हैं