लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश में प्रचार तेज हो गया है। उत्तर प्रदेश में पहले चरण की आठ सीटों के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मुरादाबाद और बरेली में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि बदलते भारत को देखना हमारा सौभाग्य है। भारत को एक वैश्विक नेता और विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे के लिए पहचाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत, दुनिया को विकास और कल्याण का मॉडल उपलब्ध करा रहा है। भारत में यह मॉडल युवाओं को आजीविका की गारंटी देता है। श्री योगी ने सपा और बसपा सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य अब दंगाइयों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए जाना जाता है। आज उत्तर प्रदेश के लोगों में सुरक्षा की भावना है और अगर कोई कोई शरारत करता है तो उस पर तुरंत कार्रवाई की जाती है। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृहमंत्री अमित शाह आज गौतमबुद्ध नगर में प्रस्तावित जनसभा में खराब मौसम के चलते नहीं पहुंच सके। लेकिन उन्होंने अपने ऑडियो संदेष के जरिए भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील की।
Site Admin | अप्रैल 13, 2024 8:38 अपराह्न
लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश में प्रचार तेज