लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान शुरू हो चुका है। इस चरण में कुल एक सौ दो लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है, जिनमें अनुसूचित जनजाति के लिए 11 और अनुसूचित जाति के लिए कुल 18 सीटें आरक्षित हैं। यह लोकसभा सीटें कुल 17 राज्यों और चार केन्द्र शासित प्रदेशों में हैं। इनमें उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, असम, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और मेघालय राज्य शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, सर्बानंद सोनोवाल, किरेन रिजिजू, डॉ. जितेन्द्र सिंह, संजीव बालियान और साथ ही भाजपा नेता तमिलसाई सुंदराजन और जितिन प्रसाद तथा कांग्रेस नेता गौरव गोगोई, कार्ति चिदंबरम् और नकुल नाथ, डीएमके नेता दयानिधि मारन वे प्रमुख चेहरे हैं, जिनकी किस्मत आज ईवीएम में बंद हो जाएगी। इस चरण में कुल एक हजार छह सौ पच्चीस उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
सुबह 7 बजे से शुरु हुआ मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। उत्तरपूर्वी राज्यों और पर्वतीय राज्यों में मतदान शाम 4 से 5 बजे तक होगा। जबकि वामपंथी उग्रवाद प्रभावति क्षेत्रों में मतदान दोपहर 3 से 4 बजे तक समाप्त हो जाएगा।
इस चरण में सोलह करोड़ 63 लाख मतदाताओं के लिए कुल एक लाख 63 हजार मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल मतदाताओं में से आठ करोड़ चालीस लाख पुरुष, आठ करोड़ तेईस लाख महिला और ग्यारह हजार से अधिक ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। लगभग 36 लाख मतदाता पहली बार मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चरण में लगभग 14 लाख 85 वर्ष से अधिक आयु के और लगभग 14 लाख दिव्यांग मतदाताओं को घर से मतदान करने का विकल्प भी प्रदान किया गया है।
निर्वाचन आयोग ने सुनिश्चित किया है कि मतदान केंद्रों पर पेय जल, जन सुविधाएं, व्हील चैयर्स, बिजली आदि जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो जिससे मतदाताओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो। मतदान और सुरक्षा कर्मियों को मतदान केंद्रों पर लाने-ले जाने के लिए 41 हेलीकॉप्टर, 84 विशेष रेलगाडियां और लगभग एक लाख वाहन लगाए गए हैं। मतदान केंद्रों पर निगरानी के लिए तीन सौ 61 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। चार हजार से ज्यादा फ्लाइंग स्क्वॉड, लगभग पांच हजार विशेष निगरानी दल, दो हजार से ज्यादा वीडियो निगरानी दल राजनीतिक दलों द्वारा मतदाताओं को दिए जाने वाले किसी भी तरह के प्रलोभन को सख्ती और तेजी के साथ रोकने के लिए 24 घंटे निगरानी रख रहे हैं। सभी मतदान केंद्रों पर माइक्रो आब्जर्बर की तैनाती और 50 प्रतिशत से अधिक मतदान केंद्रों पर वेब कास्टिंग की जा रही है। एक हजार तीन सौ से अधिक अंतरराज्यीय और एक सौ 62 अंतरराष्ट्रीय चेक पोस्ट शराब, मादक पदार्थों और नकदी के अवैध लेनदेन की रोकथाम पर कड़ी निगरानी रख रही हैं। हवाई और समुद्री मार्गों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश और सिक्कम में नई विधानसभाओं के चुनाव के लिए आज एक ही चरण में मतदान होगा।