लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज छत्तीसगढ़ के महासमुंद और दुर्ग में विधानसभा स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। महासमुंद में आयोजित सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता अरूण साव ने कहा कि मोदी की गारंटी वाले महत्वपूर्ण वायदों को प्रदेश की भाजपा सरकार ने 100 दिनों के भीतर ही पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों और महिलाओं के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
वहीं दुर्ग में भी विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश के वित्त मंत्री और भाजपा नेता ओ.पी. चौधरी ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा किसानों से इकतीस सौ रूपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी की गई है। धान के अंतर की राशि का एकमुश्त भुगतान किसानों के बैंक खातों में किया जा चुका है। एक सवाल के जवाब में श्री चौधरी ने कहा कि पिछले 3 महीने में हमारी सरकार ने जितना कर्ज लिया है, उससे डेढ़ गुना से भी अधिक राशि केवल किसानों और महिलाओं के कल्याण के लिए खर्च की है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार छत्तीसगढ़ की वित्तीय व्यवस्था को बेहतर करके दिखाएगी।