लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में रायबरेली सहित राज्य की 14 सीटों पर 20 मई को मतदान होना है। नेहरू-गांधी परिवार का गढ़ मानी जाने वाली इस प्रतिष्ठापूर्ण सीट पर इस बार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत आठ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
रायबरेली लोकसभा सीट पर 17 लाख 83 हजार 8 सौ 85 मतदाता 20 मई को 8 प्रत्याशियों के राजनैतिक भाग्य का फैसला करेंगे। 2019 के आम चुनाव में सोनिया गांधी भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह को एक लाख 67 हजार 178 मतों से हराकर 5वीं बार जीती थीं। पिछले संसदीय चुनाव में कांग्रेस पार्टी राज्य में सिर्फ एक सीट रायबरेली ही जीत सकी थी। सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने के बाद राहुल गांधी के सामने गांधी परिवार के इस अंतिम सियासी किले को बचाने की चुनौती होगी। राहुल गांधी के साथ परिवार की तीसरी पीढ़ी का रायबरेली से राजनीतिक नाता जुड़ रहा है।इससे पहले फिरोज गांधी, इंदिरा गांधी भी इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके है। भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट से राज्य के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को फिर उम्मीदवार बनाया है। वहीं बसपा से ठाकुर प्रसाद यादव चुनावी मैदान में हैं। इंडिया गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी कांग्रेस प्रत्याशी को अपना समर्थन दे रही है। सभी दलों ने इस हाई प्रोफाइल सीट को जीतने के लिये चुनाव प्रचार तेज कर दिया है।
Site Admin | मई 12, 2024 9:00 अपराह्न
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में रायबरेली सहित राज्य की 14 सीटों पर 20 मई को मतदान होना है
