लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों- लखनऊ, मोहनलालगंज, रायबरेली, अमेठी, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, फैजाबाद, कैसरगंज और गोंडा पर आज मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। इस चरण में लखनऊ पूर्वी विधानसभा उपचुनाव के लिये भी मतदान हुआ। 14 लोकसभा सीटों समेत एक विधानसभा सीट के लिये मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चला।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शाम पांच बजे तक 55 दशमलव आठ शून्य प्रतिशत के करीब मतदान हुआ। उन्होंने बताया कि शाम पांच बजे तक सबसे अधिक बाराबंकी में 64 दशमलव आठ छह प्रतिशत के करीब मतदान और सबसे कम लखनऊ में 49 दशमलव आठ आठ प्रतिशत के करीब मतदान की सूचना है। वहीं लखनऊ पूर्वी विधानसभा उपचुनाव के लिये शाम पांच बजे तक 50 प्रतिशत मतदान की खबर है।
झांसी के ललितपुर जिले के सेल्दा गांव में आज सौ प्रतिशत मतदान की खबर है। इस गांव में 375 वोट थे, सभी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
लखनऊ संसदीय सीट से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीसरी बार भाजपा उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं। वह पिछले दो चुनावों में यहां से जीतते रहे हैं। श्री सिंह का मुकाबला इंडिया गठबंधन में शामिल समाजवादी के पार्टी प्रत्याशी रविदास मेहरोत्रा और बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार सरवर मलिक सहित दस उम्मीदवारों से है। वहीं रायबरेली से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के सामने भाजपा ने प्रदेश के राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को उतारा है। उधर, अमेठी संसदीय क्षेत्र से केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एक बार फिर भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। वहां कांग्रेस ने किशोरी लाल शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। मोहनलालगंज सुरक्षित सीट से केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर तीसरी बार भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं, जबकि उनके सामने समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री आर.के.चौधरी हैं।