मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

मई 18, 2024 8:02 अपराह्न

printer

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का प्रचार अभियान समाप्त

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का प्रचार अभियान आज खत्म हो गया। इस चरण में प्रदेश की 14 सीटों-लखनऊ, मोहनलालगंज, रायबरेली, अमेठी, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी, बाराबंकी, फ़ैज़ाबाद, कैसरगंज और गोण्डा के लिये 20 मई को मतदान होगा। इसके अलावा लखनऊ की पूर्वी विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिये भी वोट डाले जायेंगे।
पांचवें चरण में देश में चर्चित लखनऊ, अमेठी और रायबरेली सीटों पर भी वोट डाले जाएंगे। लखनऊ संसदीय सीट से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीसरी बार भाजपा उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं। वह पिछले दो चुनावों में यहां से निर्वाचित रहे हैं। श्री सिंह का मुकाबला इंडिया गठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रविदास मेहरोत्रा और बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार सरवर मलिक सहित दस उम्मीदवारों से है। वहीं रायबरेली से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपना राजनैतिक भाग्य आजमा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने उनके खिलाफ प्रदेश के राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को चुनाव समर में उतारा है।
उधर अमेठी संसदीय क्षेत्र से केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एक बार फिर भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। वहां कांग्रेस ने किशोरी लाल शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। मोहनलालगंज सुरक्षित सीट से केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर तीसरी बार भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं, जबकि समाजवादी पार्टी ने प्रदेश के पूर्व मंत्री आर.के.चौधरी को चुनाव मैदान में उतारा है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने इन चौदह सीटों में से तेरह सीटें जीती थीं। कांग्रेस सिर्फ रायबरेली सीट जीत सकी थी और वहां से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी निर्वाचित हुई थीं।