मई 14, 2024 9:14 अपराह्न

printer

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर 20 मई को मतदान होना है

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर 20 मई को मतदान होना है। इसमें कभी कांग्रेस का गढ़ मानी जाने वाली अमेठी की अहम सीट भी शामिल है। भाजपा ने 2019 में राहुल गांधी को हराने वाली केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को तीसरी बार यहां से प्रत्याशी बनाया है, वहीं राहुल गांधी के रायबरेली जाने के बाद कांग्रेस ने गांधी परिवार के करीबी के एल शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा है। बसपा ने नन्हे सिंह को उम्मीदवार बनाया है। इनके अलावा दस अन्य प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं।
संजय गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी जैसे कांग्रेस नेताओं को संसद पहुंचाने वाली अमेठी सीट से इस बार कांग्रेस ने अपने करीबी के एल शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा है। के एल शर्मा राजीव गांधी के करीबी थे और सोनिया गांधी के सांसद बनने के बाद से अब तक अमेठी और रायबरेली सीटों पर जमीनी काम कराने का जिम्मा के एल शर्मा ही उठाते रहे हैं। यही वजह है कि स्थानीय कार्यकर्ताओं और लोगों के बीच उनकी अच्छी पकड़ है। लेकिन के एल शर्मा के लिए कांग्रेस के पुराने गढ़ को वापस जीतना आसान नहीं होगा क्योंकि उनका मुकाबला भाजपा की स्मृति ईरानी से होगा। स्मृति ईरानी ने 2019 के चुनाव में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को इस सीट पर हराया था। इस संसदीय क्षेत्र के 14 लाख 28 हजार 316 मतदाता 20 मई को 13 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।