लोकसभा चुनाव के दौरान मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करने छत्तीसगढ़ में इन दिनों विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कोरिया जिले के बैकुंठपुर जनपद पंचायत में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत पंजीकृत स्व-सहायता समूह के सदस्यों की उपस्थिति में नये मतदाताओं का चिन्हांकन किया गया। वहीं महिला समूह के सदस्यों के बीच स्वीप कार्यक्रम की थीम पर मेहंदी, रंगोली सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इसी तरह मुंगेली जिले के रोहराकला और परसदा सहित विभिन्न गांवों में
दीवार लेखन के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके तहत जिले के महाविद्यालयों में वाद-विवाद, निबंध लेखन, रैली, नुक्कड़-नाटक, चित्रकला, स्लोगन और क्विज जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है।
स्वीप कार्यक्रम के तहत मुंगेली के कलेक्टर कार्यालय में ‘‘लोकतंत्र का रंग मतदान के संग’’ थीम पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल देव ने अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के लिए शपथ दिलाई। वहीं मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता लाने और निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कल सत्ताईस मार्च को जांजगीर-चांपा जिले के सभी विकासखंडों में ब्लॉक स्तरीय मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा।