भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार किया। फतेहपुर में एक जनसभा में श्री नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने पहले देश को जाति और धार्मिक आधार पर बांटा और अब नस्ल के आधार पर भी लोगों को बांटने की कोशिश कर रही है। चित्रकूट में एक रैली में उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने बुंदेलखण्ड क्षेत्र में विकास के लिए बहुत काम किया है। उन्होंने लखनऊ, उन्नाव, मोहनलाल गंज और रायबरेली लोकसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों और क्षेत्र के विधायकों के साथ बैठक की।
वरिष्ठ भाजपा नेता और लखनऊ संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी राजनाथ सिंह ने बुद्धिजीवियों की सभा को संबोधित किया। उन्होंने बडी संख्या में सावधानीपूर्वक मतदान करने की अपील की। पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी लखीमपुर खीरी और सीतापुर जिलों में रैलियों को संबोधित किया।
उधर, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने आज बहराइच में एक रैली को संबोधित किया और कहा कि भाजपा देश के किसानों और युवाओं के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने धौरहरा और लखीमपुर खीरी विधानसभा क्षेत्रों में भी प्रचार किया। श्री यादव ने कहा कि प्रदेश के युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं और बढ़ती महंगाई से हर कोई परेशान है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज रायबरेली संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया और कहा कि जहां भी उनकी पार्टी सत्ता में आई है, उसने घोषणा पत्र में किए गए सभी वादे पूरे किए हैं। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने भी आज कन्नौज जिले में एक रैली को संबोधित किया और भाजपा की आलोचना की।