छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर लोकसभा क्षेत्रों में नामांकन पत्र दाखिल करने का आज अंतिम दिन था। इन तीनों लोकसभा क्षेत्र के लिए कुल बावन अभ्यर्थियों के नामांकन प्राप्त हुए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के लिए 23 अभ्यर्थियों से 32 नामांकन पत्र मिले हैं। वहीं, महासमुंद क्षेत्र के लिए 19 अभ्यर्थियों से 43 और कांकेर लोकसभा क्षेत्र के लिए 10 अभ्यर्थियों से 20 नामांकन पत्र जमा हुए हैं।
कल 5 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। अभ्यर्थी 8 अप्रैल तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। दूसरे चरण में 26 अप्रैल को इन तीनों लोकसभा क्षेत्रों के लिए मतदान होगा।