अप्रैल 23, 2024 8:04 अपराह्न

printer

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान होना है। इसमें अलीगढ़ की महत्वपूर्ण सीट भी शामिल है। इस सीट पर भाजपा ने वर्तमान सांसद सतीश गौतम को तीसरी बार प्रत्याशी बनाया है। वहीं इंडिया गठबंधन ने पूर्व सांसद विजेंद्र सिंह और बसपा ने हितेंद्र उपाध्याय उर्फ बंटी को चुनावी मैदान में उतारा है। इस सीट पर 11 अन्य प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में हैं।
अलीगढ़ संसदीय क्षेत्र में सात विधानसभा सीटें आती हैं। इसमें खैर, बरौली, अतरौली, छर्रा, कोल, अलीगढ़ और इगलास शामिल हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में कुल 27 लाख 5 9 हजार 215 मतदाता हैं। इनमें 14 लाख 70 हजार 644 पुरुष मतदाता, 12 लाख 88 हजार 435 महिला मतदाता और 136 थर्ड जेंडर शामिल हैं। इस सीट पर भाजपा के सतीश कुमार गौतम 2019 के लोकसभा चुनाव में 6 लाख 56 हजार 215 वोट पाकर सांसद बने थे। उन्होंने दो लाख से ज्यादा मतों से बहुजन समाज पार्टी के डॉक्टर अजीत बालियान को हराया था। इस बार के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर सांसद सतीश गौतम को प्रत्याशी बनाया है। वहीं इंडिया गठबंधन से पूर्व सांसद विजेंद्र सिंह मैदान में हैं। वह यहां से एक बार कांग्रेस के टिकट पर सांसद रह और इगलास विधानसभा से तीन बार विधायक रह चुके हैं। वहीं बसपा ने इस सीट पर पहले गुफरान नूर को मैदान में उतारा था लेकिन बाद में उनका टिकट काटकर हितेंद्र उपाध्याय उर्फ बंटी को प्रत्याशी बनाया है। इस बार के चुनाव में रालोद, भाजपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है, जिसका फायदा भाजपा को मिलेगा। सभी दल अपने प्रत्याशियों के समर्थन में तेजी से चुनाव प्रचार करने में लगे हुए हैं।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला