लोकसभा चुनाव के दूसरे और तीसरे चरण के लिये प्रदेश में चुनाव प्रचार तेज हो गया है। सभी राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता और स्टार प्रचारक अपने-अपने प्रत्यासियों के लिये सम्बन्धित लोकसभा क्षेत्रों में रैलियों, जनसभाओं और रोड-शो के माध्यम से मतदाताओं से मतदान की अपील कर रहे हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज गौतमबुद्ध नगर जिले में पार्टी उम्मीदवार महेश शर्मा के लिए प्रचार किया। एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नोएडा जो पहले उत्तर प्रदेश के भ्रष्टाचार केंद्र के रूप में कुख्यात था, वह अब राज्य का व्यापार केंद्र बन गया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमरोहा के रहरा में भाजपा प्रत्यासी कंवर सिंह तंवर के समर्थन में चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव के हर वर्ग के लोगों के लिये भोजन, पानी, घर, इलाज और रोजगार देने का कार्य किया है। सरकार ने जनता ही नहीं देश के आत्मसम्मान को लौटाने का कार्य भी किया है।
मेरठ में बसपा प्रमुख मायावती ने मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्यासी देवव्रत त्यागी के पक्ष में एक जनसभा कीं। इस अवसर पर मायावती ने कहा कि अगर बसपा की सरकार बनी तो वह उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाने की दिशा में काम करेंगी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेष यादव ने अलीगढ़ के नुमाइश मैदान में अपने प्रत्यासी के पक्ष में जनसभा करते हुए भाजपा सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाया।