लोकसभा चुनाव के तीसरे और चौथे चरण वाली संसदीय सीटों को लेकर चुनाव प्रचार तेज हो गया है। सभी राजनीतिक दलों के नेता और स्टार प्रचारक अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने में जुटे हुए हैं। इसके लिए वह जन सभाएं और रैलियां कर रहे हैं। वरिष्ठ नेताओं के रोड शो भी आयोजित हो रहे हैं। प्रत्याशियों ने अपने-अपने सहयोगी कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जा कर जन संपर्क करने का अभियान भी तेज कर दिया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बदायूं के बिल्सी में भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य के समर्थन में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार की ओर से चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं को बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया गया। ऐसा सिर्फ भाजपा सरकार ही कर सकती है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कानून व्यवस्था और माफिया को लेकर विपक्षी दल सपा को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने सपा समर्थित माफियाओं को ठिकाने लगा कर उनकी कमर सीधी कर दी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने आज इटावा में भाजपा प्रत्याशी प्रोफेसर रामशंकर कठेरिया के समर्थन में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सपा जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति कर रही है और कांग्रेस झूठ की।
श्री शाह ने आज एटा और मैनपुरी लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में भी जनसभा की और लोगों से उनके पक्ष मे मतदान की अपील की। उधर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बरेली में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पेपर लीक हुए, परीक्षाएं निरस्त हुईं। किसानों के आंदोलन को दबा दिया गया। सरकार का यह कार्य अहंकार भरा था, जिसे जनता हरगिज स्वीकार नहीं करेगी और मतदान के जरिए सबक सिखाएगी।