लोकसभा चुनाव के छठे और अंतिम चरण के लिये प्रचार अभियान और तेज़ हो गया है। राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता और स्टार प्रचारक जगह-जगह जनसभाएं और रोड-शो कर रहे हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बस्ती में भाजपा प्रत्याशी हरीश द्विवेदी के समर्थन में आयोजित जनसभा को सम्बोधित किया। श्री सिंह ने कहा कि पिछले दस वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं और नीतियों से 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं। सरकार की नीतियों से ही दुनिया में भारत के प्रति धारणा बदली है और इसे सम्मान की दृश्टि से देखा जाने लगा है। श्री सिंह ने दावा किया कि आने वाले वर्षों में प्रदेश कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का प्रभाव समाप्त हो जाएगा।
उधर भाजपा के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने झांसी, बांदा और ललितपुर में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित करते हुए दावा किया कि चौथे चरण के बाद भाजपा 270 सीटों का आंकड़ा पार कर चुकी है और देश में पांचवें चरण के चुनाव के बाद 300 के आंकड़े की ओर बढ़ रही है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रिय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बलरामपुर में श्रावस्ती सीट से पार्टी प्रत्याशी रामशिरोमणि वर्मा के पक्ष में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों का पूरा कर्ज़ माफ किया जायेगा और युवाओं को नौकरियां दी जाएंगी। श्री यादव ने कहा कि चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना जरूरी है, क्योंकि यह चुनाव संविधान को बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। बसपा सुप्रीमो मायावती ने बस्ती में पार्टी प्रत्याशी लवकुश पटेल के समर्थन में आयोजित जनसभा में दावा किया कि इस बार भारतीय जनता पार्टी केन्द्र की सत्ता में वापस नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा की गारंटी को पूरी तरह समझ रही है और वह इनके भ्रमजाल में अब फंसने वाली नहीं है। सुश्री मायावती ने कहा कि चुनाव में टिकट के बंटवारे में उनकी पार्टी सर्व समाज के लोगों को उचित भागीदारी दी है।
Site Admin | मई 18, 2024 8:03 अपराह्न
लोकसभा चुनाव के छठे और अंतिम चरण के लिये प्रचार अभियान तेज़
