लोकसभा चुनाव के चैथे चरण का प्रचार अभियान आज शाम समाप्त हो गया। इस चरण में प्रदेश की शाहजहांपुर, खीरी, धौरहरा, सीतापुर, हरदोई, मिश्रिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर और बहराइच संसदीय सीटों पर तेरह मई को चुनाव होगा। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कन्नौज लोकसभा क्षेत्र के झींझक और कानपुर लोकसभा सीट के अन्तर्गत आने वाले कानपुर नगर में अलग अलग जनसभाओं को सम्बोधित किया। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का फर्रुखाबाद में प्रस्तावित रोड शो आज निरस्त हो गया। सपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कन्नौज जिले में डोर टू डोर प्रचार कर वोट मांगा।
इस बीच, रायबरेली जिले में भाजपा नेता और उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को सम्बोधित किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने रायबरेली में चुनाव प्रचार किया।
उन्होंने जातीय जनगणना की वकालत करते हुए राहुल गांधी को जीताने की अपील की। रायबरेली में पांचवे चरण में बीस मई को चुनाव होगा।
उधर, छठे चरण के चुनाव में शामिल जौनपुर लोकसभा सीट के बदलापुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में सबका साथ, सबका विकास के कदमों पर देश और प्रदेश का विकास किया गया है।