फ़रवरी 10, 2026 1:36 अपराह्न

printer

 लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित

 लोकसभा की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। पहले स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे बैठक फिर शुरू होने पर संबंधित मंत्रियों ने अपने मंत्रालय के दस्तावेज पटल पर रखे। इसके बाद पीठासीन अधिकारी पी.सी. मोहन ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर चर्चा करानी चाही परंतु विपक्ष के सदस्य लगातार नारेबाजी करते रहे। श्री मोहन ने प्रदर्शन कर रहे सांसदों से चर्चा में भाग लेने और सदन की कार्यवाही चलाने देने का आग्रह किया।

 केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी सदस्यों से सदन का कार्यवाही चलाने देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शोरशराबे के कारण संसद का कीमती समय बर्बाद रो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी सदस्य सोचसमझ कर कार्यवाही में बाधा डाल रहे हैं। श्री रिजिजू ने विरोध प्रदर्शन कर रहे सांसदों से सदन की गरीमा बनाए रखने और बजट पर चर्चा कराए जाने की अपील की।

 पीठासीन अधिकारी और संसदीय कार्यमंत्री की अपील के बावजूद विपक्षी सदस्यों का हंगामा जारी रहने के कारण सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले आज सवेरे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही पीठासीन अधिकारी पीसी मोहन ने प्रश्नकाल शुरू करने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस,तृणमूल कांग्रेस और डीएमके सहित विपक्षी सदस्य सदन के बीचोंबीच पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। पीठासीन अधिकारी ने उनसे सदन को कार्य करने देने और प्रश्नकाल शुरू करने की अपील की। ​​हंगामे के बीच पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री एस. पी. सिंह बघेल ने पशुपालन अवसंरचना विकास निधि से संबंधित प्रश्न का उत्तर देने का प्रयास किया, लेकिन शोरशराबे के कारण वे अपना उत्तर पूरा नहीं कर सके। हंगामा जारी रहने पर सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।