फ़रवरी 4, 2026 9:41 अपराह्न

printer

लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा, हंगामे के कारण कार्यवाही हुई स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही आज लगातार तीसरे दिन भी बाधित रही। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस, डीएमके, तृणमूल कांग्रेस-टी.एम.सी. और अन्य विपक्षी दलों ने अमरीका-भारत व्यापार समझौते और चीन के साथ सीमा विवाद को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। तीन बार स्‍थगन के बाद लोकसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।

तीसरे स्थगन के बाद शाम पांच बजे जब सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई तो कांग्रेस, टीएमसी और अन्य विपक्षी दलों के सदस्य सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए सदन के बीचोंबीच आ गए। पीठासीन अधिकारी ने हंगामा कर रहे सदस्यों से सदन को चलने देने का आग्रह किया। पीठासीन अधिकारी ने पीपी चौधरी को धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलने को कहा लेकिन हंगामा जारी रहने के कारण अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी।

इससे पहले दो बार स्‍थगन के बाद दोपहर 2 बजे जब सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई तो तेलगु देशम पार्टी के जीएम बालायोगी ने धन्यवाद प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में सुधारों, समावेशिता और दीर्घकालिक प्रतिस्पर्धा पर आधारित एक आत्मविश्वास से भरा राष्ट्रीय रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि अभिभाषण में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में 25 लाख नौकरियों के सृजन और आईटी सेवाओं में एक करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार देने की बात है।

चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा के निशिकांत दुबे ने धन्यवाद प्रस्ताव का समर्थन किया और कांग्रेस शासनकाल के दौरान हुए भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। जब उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्रियों जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी से संबंधित पुस्तकों का उल्‍लेख किया, तो पीठासीन अधिकारी ने उनसे केवल धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलने को कहा। विपक्ष के हंगामे के बीच अध्यक्ष ने सदन को शाम 5 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा की।
दोपहर 12 बजे पहले स्थगन के बाद कार्यवाही फिर शुरू हुई तो विपक्षी सदस्य विभिन्न मुद्दों पर नारेबाजी करते हुए सदन के बीचोंबीच आ गए।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विरोध कर रहे सदस्यों से सदन की गरीमा बनाए रखने का आग्रह किया। इसी बीच वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमरीका व्यापार समझौते पर अपना बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत कृषि और डेयरी जैसे संवदनशील क्षेत्रों में अपने हितों की रक्षा करने में सफल रहा है। विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी जारी रहने पर सदन को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

इससे पहले, सदन की कार्यवाही शुरू होने पर प्रश्नकाल में उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन बंभानिया ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से संबंधित एक प्रश्न का उत्तर देने का प्रयास किया लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण वे अपना उत्तर पूरा नहीं कर सकीं। सभा अध्‍यक्ष बिड़ला ने विपक्षी सदस्यों के आचरण पर चिंता व्यक्त करते हुए सदन को सुचारू रूप से चलाने की अपील की। विपक्षी सदस्यों का विरोध जारी रहने के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला