मार्च 9, 2026 1:21 अपराह्न

printer

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 3 बजे तक के लिए स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की मांग कर रहे विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण दोपहर 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। दोपहर 12 बजे सदन की कार्यवाही फिर शुरू होने पर विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर स्वतः संज्ञान लेते हुए बयान दिया।

उनका बयान शुरू होते ही कांग्रेस, डीएमके, समाजवादी पार्टी और अन्य दलों के विपक्षी सदस्य तख्तियां लेकर सदन के बीचोबीच आ गए। पीठासीन अधिकारी जगदंबिका पाल ने उनसे सदन में तख्तियां न दिखाने का अनुरोध किया।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सदन के भीतर विपक्ष के व्यवहार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवनकाल में इतना गैर-जिम्मेदार विपक्ष कभी नहीं देखा। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष के विरुद्ध प्रस्ताव के संबंध में नोटिस दिया था और यह आज के कार्यसूची में चर्चा के लिए सूचीबद्ध है। श्री रिजिजू ने कहा कि विपक्ष भ्रमित है और आज अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहा है।

पीठासीन अधिकारी के अनुरोध के बावजूद विपक्ष का विरोध जारी रहा, जिसके कारण सदन की कार्यवाही को दोपहर 3 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।

इससे पहले आज सवेरे लोकसभा की बैठक शुरू हुई। सदन ने शिलांग से सांसद और जनसभा के नेता डॉ. रिकी एंड्रयू जे. सिंगकॉन को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनका हाल ही में निधन हो गया था। 

कुमारी सुशीला त्रिरिया, देवी बक्स सिंह, पूर्णिमासी राम और के.पी. उन्नीकृष्णन सहित चार पूर्व सांसदों को भी श्रद्धांजलि दी गई। सदन ने दिवंगत आत्मा के सम्मान में कुछ देर मौन भी रखा। इसके बाद कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया था।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला