लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उत्कृष्टता, नवाचार और प्रौद्योगिकी के उपयोग को लेकर राज्य विधानसभाओं के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की ज़रूरत पर बल दिया है। श्री बिरला, आज लखनऊ में 86वें अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन के दूसरे दिन पूर्ण सत्र की चर्चा को संबोधित कर रहे थे। वर्ष 2019 में देहरादून में हुए इस सम्मेलन के दौरान हुई चर्चाओं का ज़िक्र करते हुए श्री बिरला ने राज्य विधानसभाओं की कार्यकुशलता और कामकाज में सुधार पर अपने पुराने विचारों को दोहराया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में एक समिति का गठन किया गया है, जो भारत में विधायी निकायों की प्रथाओं और प्रक्रियाओं के मानकीकरण से संबंधित मुद्दों की जांच कर रही है।
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने विधानसभाओं की कार्यकुशलता बढ़ाने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उल्लेख किया।
कल, सम्मेलन का तीसरा और अंतिम दिन है। इस अवसर पर, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समापन भाषण देंगे। समापन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे।