अगस्त 12, 2025 1:55 अपराह्न

printer

लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने न्‍यायमूर्ति यशवंत वर्मा के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्‍यीय समिति गठित की

लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने उच्‍च न्‍यायालय के न्‍यायाधीश न्‍यायमूर्ति यशवंत वर्मा के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्‍यीय समिति गठित की है। इस वर्ष मार्च में न्‍यायमूर्ति यशवंत वर्मा के नई दिल्‍ली स्थित निवास से बड़ी मात्रा में जली हुई नकदी बरामद की गई थी। लोकसभा में आज पहले स्‍थगन के बाद कार्यवाही फिर शुरू होने पर अध्‍यक्ष ओम बिरला ने बताया कि इस तीन सदस्‍यीय समिति में सर्वोच्‍च न्‍यायालय के न्‍यायाधीश न्‍यायमूर्ति अरविंद कुमार, मद्रास उच्‍च न्‍यायालय के मुख्‍य न्‍यायाधीश न्‍यायमूर्ति मनिंदर मोहन श्रीवास्‍तव और कर्नाटक उच्‍च न्‍यायालय के वरिष्‍ठ अधिवक्‍ता बी. वी. आचार्य शामिल होंगे। उन्‍होंने बताया कि यह समिति जल्‍द से जल्‍द अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। अध्‍यक्ष ने कहा कि न्‍यायमूर्ति यशवंत वर्मा को हटाने के लिए सत्‍तारूढ़ और विपक्ष के 146 सांसदों से मिले हस्‍ताक्षरित नोटिसों को स्‍वीकार कर लिया गया है। श्री बिरला ने कहा कि जांच समिति की रिपोर्ट आने तक इस सम्‍बंध में प्रस्‍ताव विचाराधीन रहेगा।