मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

अक्टूबर 16, 2024 8:23 अपराह्न | Mahatma Gandhi

printer

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज स्विट्जरलैंड के जिनेवा में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

 

    लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज स्विट्जरलैंड के जिनेवा में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि वह शांति और अहिंसा के प्रतीक हैं। श्री बिरला जिनेवा में 149वें अंतर संसदीय संघ में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी दुनिया भर के नेताओं और देशों को प्रेरित करते हैं। 

    श्री बिरला ने संसदीय महत्व और अन्य क्षेत्रों के मुद्दों पर विश्व भर की संसदों के अध्यक्षों के साथ अपना दृष्टिकोण भी साझा किया। स्विट्जरलैंड की नेशनल काउंसिल के अध्यक्ष एरिक नुस्बाउमर के साथ उन्‍होंने बहुपक्षीय मंचों पर द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग को और मजबूत करने पर बल दिया। भारत में बढ़ते स्विस निवेश पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत में व्यापार करने में आसानी और बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे के विकास से इसमें और वृद्धि होगी।

    थाईलैंड की सीनेट के अध्यक्ष मोंगकोल सुरसज्जा के साथ बातचीत करते हुए, श्री बिरला ने व्यापार और निवेश, कनेक्टिविटी, संस्कृति तथा पर्यटन सहित व्यापक क्षेत्रों को कवर करने वाले बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों पर विचार साझा किए। लोकसभा अध्यक्ष ने भारत और थाईलैंड को जोड़ने वाले सांस्कृतिक, भाषाई और धार्मिक संबंधों पर भी प्रकाश डाला।

    आर्मेनिया की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष एलेन सिमोनियन के साथ अपनी बातचीत में, श्री बिरला ने साझा मूल्यों पर आधारित भारत और आर्मेनिया के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने राजनीतिक स्थिरता और युवा आबादी के कारण भारत के अवसरों की भूमि के रूप में उभरने पर जोर दिया।