लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज त्रिनिदाद और टोबैगो के निचले सदन के अध्यक्ष जगदेव सिंह से मुलाकात की। उन्होंने सेशेल्स की संसद अध्यक्ष सुश्री अज़ारेल अर्नेस्टा से भी मुलाकात की। ये मुलाकातें राष्ट्रमंडल के अध्यक्षों और पीठासीन अधिकारियों के 28वें सम्मेलन-सीएसपीओसी के दौरान हुईं।
सोशल मीडिया पोस्ट में श्री बिरला ने कहा कि श्री सिंह के साथ हुई बातचीत में भारत और त्रिनिदाद तथा टोबैगो के बीच लंबे समय से चले आ रहे ऐतिहासिक संबंधों की यादें ताजा हो गई। बातचीत में संसदीय सहयोग बढ़ाने और औषधीय क्षेत्र सहित प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी का विस्तार करने पर बल दिया गया। इसमें नए बाजार खोलने और द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया गया।
सुश्री अज़ारेल से मुलाकात के दौरान, श्री बिरला ने सेशेल्स की प्रथम महिला संसद अध्यक्ष के रूप में सेवा करने की उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी। इस बातचीत का मुख्य केंद्र संसद-से-संसद सहयोग को मजबूत करना, संसदीय कामकाज में प्रौद्योगिकी और एआई का अधिक उपयोग करना और अनुकूलित कार्यक्रमों के माध्यम से क्षमता निर्माण पहलों का विस्तार करना था।