फ़रवरी 24, 2026 1:30 अपराह्न

printer

लोकतंत्र की आधारशिला होती है शुद्ध मतदाता सूची: मुख्य निर्वाचन आयुक्त

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने देश में त्रुटिरहित मतदाता सूची पर जोर देते हुए कहा कि यह किसी भी लोकतंत्र की आधारशिला है। श्री कुमार ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में निर्वाचन आयोग और राज्य चुनाव आयुक्तों के राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि सभी पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने और अपात्र मतदाताओं को इससे बाहर रखने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर प्रक्रिया शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया बिहार में शुरू की गई थी, जो बिना किसी अपील के त्रुटिरहित रूप से पूरी हो गई। श्री कुमार ने कहा कि वर्तमान में 12 राज्यों में एसआईआर प्रक्रिया चल रही है और इनमें से 11 राज्यों ने अपनी मतदाता सूची प्रकाशित कर दी है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि अब निर्वाचन आयोग और राज्य चुनाव आयोगों के बीच आवश्यक तालमेल स्थापित करने का समय आ गया है।

इस अवसर पर निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू ने कहा कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन आयोग और राज्य चुनाव आयुक्तों के बीच सहयोग बढ़ाना और चुनावी प्रक्रिया की सर्वोत्तम पद्धतियों को साझा करना है। निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला त्रुटिहीन मतदाता सूची है जिससे कोई भी पात्र नागरिक इससे छूट न जाए।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे हैं। सम्मेलन का प्राथमिक उद्देश्य अपने कानूनी ढांचे के भीतर चुनावी प्रक्रियाओं और व्यवस्थाओं के संबंध में निर्वाचन आयोग और राज्य चुनाव आयुक्तों के कामकाज में तालमेल को बढ़ावा देना है।

दिन भर चलने वाले इस सम्मेलन में, चुनावी प्रक्रियाओं को मजबूत करने के साथ-साथ प्रौद्योगिकी, ईवीएम और मतदाता सूचियों को साझा करने पर चर्चा होगी। यह गोलमेज सम्मेलन 27 वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित किया जा रहा है। वर्ष 1999 में पिछला गोलमेज सम्मेलन आयोजित किया गया था।