लेबनान के दक्षिणी हिस्से में एक स्वास्थ्य केंद्र पर हुए इज़राइल के हमले में 12 चिकित्साकर्मी मारे गए। लेबनान के सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि यह हमला बिन्त जबील जिले के बुर्ज कलाउइया गांव में हुआ। इस हमले में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर, नर्सें और उनके सहयोगी मारे गए। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि यह कुछ ही घंटों के अंदर स्वास्थ्य क्षेत्र पर दूसरा हमला था। इससे पहले, दक्षिणी गांव सौनेह में एक स्वास्थ्य केंद्र पर हुए इज़राइली हमले में दो गैर-चिकित्सक मारे गए थे। मंत्रालय ने इस हमले की कड़ी निंदा की है।
इस बीच, हिज़्बुल्लाह नेता नईम कासिम ने कहा है कि उनका संगठन इज़राइल के साथ लंबे टकराव के लिए तैयार है। इज़राइल के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि लेबनान को अपने राष्ट्रीय बुनियादी ढांचे को व्यापक नुकसान पहुंचाकर भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। इससे पहले इज़राइल की सेना ने कहा था कि उसने कल लिटानी नदी पर बने एक पुल को नष्ट कर दिया है।