लाड़ली बहना योजना की शुरूआत में पात्र लाड़ली बहनों को एक हजार रूपये प्रतिमाह दिये गये। इसके बाद यह राशि बढ़ाकर 1250 रूपये प्रतिमाह की गई। इस राशि में आगे और भी वृद्धि की जायेगी। यह बातें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहीं।
मुख्यमंत्री डॉ0 यादव इंदौर के नेहरु स्टेडियम में कल रात लाड़ली बहना योजना के तहत 1 करोड़ 29 लाख बहनों को नवम्बर माह की किश्त के रूप में 1573 करोड़ रुपये अंतरित कर रहे थे। साथ ही पेंशन के 55 लाख हितग्राहियों के खाते में 333 करोड़ रुपए और 26 लाख लाड़ली बहनों के खाते में गैस सिलेंडर रिफिल के लिए 55 करोड़ रुपए की राशि भी अंतरित की। यह राशि लोकमाता अहिल्या देवी की 300 वीं जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में नारी शक्ति के शस्त्र कला प्रदर्शन कार्यक्रम शौर्य वीरा में अंतरित की गई।
इस मौके पर देश में पहली बार हजारों बालिकाओं और महिलाओं द्वारा एक साथ, एक समय, एक स्थान पर सामूहिक तलवारबाजी का प्रदर्शन कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया।
दरअसल, इंदौर में अनमोल मुस्कान वेलफेयर सोसायटी द्वारा महिलाओं की आत्मरक्षा के गुर सिखाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया था। देश में पहली बार 5 हजार महिलाओं ने एक साथ, एक समय और एक स्थान पर तलवारबाजी का सामूहिक प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इतनी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं को जोश और जुनून के साथ तलवारबाजी करते हुए देखा तो वे अपने आप को रोक नहीं सके।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दोनों हाथों में तलवार थामी और सांकेतिक रूप से शस्त्र कला का प्रदर्शन भी किया। उन्होंने दोनों हाथों से तलवारबाजी के हुनर दिखाये।