लद्दाख में राष्ट्रीय मतदाता दिवस कारगिल के बियामैथांग स्थित आइस हॉकी ग्राउंड में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया।समारोह में लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी पार्षद डॉ. मोहम्मद जाफर अखून मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। करगिल के जिला निर्वाचन अधिकारी और उपायुक्त राकेश कुमार विशिष्ट अतिथि थे।
डॉ. मोहम्मद जाफर अखून ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सीमावर्ती जिले करगिल में पिछले संसदीय चुनावों में 74 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। यह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के अटूट विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए बूथ स्तरीय अधिकारियों के समर्पित प्रयासों की सराहना की और नए मतदाताओं से जिम्मेदारीपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया।
श्री राकेश कुमार ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि करगिल के लोग लगातार उल्लेखनीय उत्साह के साथ चुनावों में भाग लेते हैं। उन्होंने नागरिकों को करगिल को देश का पहला ऐसा जिला बनाने का लक्ष्य रखने के लिए प्रोत्साहित किया जहां शतप्रतिशत मतदान हो। उन्होंने नए मतदाताओं से चुनावी जागरूकता के राजदूत के रूप में कार्य करने का भी आग्रह किया।