लद्दाख में शनिवार को बर्फबारी और पिछले चौबीस घंटों के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने के बाद आज सूरज निकला जिससे लोगों को काफी राहत मिली। हालांकि, सुबह और रात के समय शीतलहर का प्रकोप जारी है और पूरा केंद्र शासित प्रदेश में शून्य से नीचे तापमान है। भारत-चीन सीमा पर स्थित न्योमा आज लद्दाख का तीसरा सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 21 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लेह में तापमान शून्य से 13 दशमलव 2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कारगिल जिले के मुख्यालय कारगिल शहर में तापमान शून्य से 15 दशमलव 2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।