मार्च 12, 2026 12:41 अपराह्न

printer

लद्दाख: बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर 1 मई से आध्यात्मिक प्रदर्शनी का आयोजन

लद्दाख में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर 1 मई से महीनेभर चलने वाली आध्यात्मिक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। “संघर्ष के समय में शांति” विषय पर आधारित यह भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की दूसरी ऐतिहासिक प्रदर्शनी होगी। पहली प्रदर्शनी 24 मई, 1950 में उन्‍यासी दिन तक आयोजित की गई थी। लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा की अध्यक्षता में केंद्र शासित प्रदेश स्तरीय समन्वय समिति ने कार्यक्रम के संचालन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उद्घाटन समारोह में दक्षिण-पूर्व और मध्य एशियाई देशों के राजदूतों और सिक्किम तथा अरुणाचल प्रदेश जैसे बौद्ध बहुल राज्‍यों के मुख्यमंत्रियों को गणमान्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है।

लद्दाख में भगवान बुद्ध के अवशेषों के आगमन से पहले विभिन्न मठों में एक सप्ताह तक सामूहिक प्रार्थना का आयोजन किया गया है। प्रदर्शनी के दौरान अंतर धार्मिक सद्भाव संवाद, सेमिनार और अन्य धार्मिक शिक्षाओं जैसे समग्र कार्यक्रमों की भी योजना बनाई गई है। सेना, आईटीबीपी, लद्दाख पुलिस, नगर समिति और लद्दाख बौद्ध संघ तथा अखिल लद्दाख गोम्पा संघ सहित कई एजेंसी 15 से 30 अप्रैल तक दो सप्ताह के लिए स्वच्छता अभियान चलाएंगी।