लद्दाख में श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को ज़ोजिला दर्रे पर तीन फीट से अधिक बर्फबारी के कारण बंद कर दिया गया है। भारी बर्फबारी के बाद कारगिल-ज़ांस्कर राष्ट्रीय राजमार्ग को भी यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
कारगिल के विभिन्न क्षेत्रों में एक से तीन फीट तक बर्फबारी हुई है। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र लेह ने दोपहर में मौसम की स्थिति में सुधार का अनुमान लगाया है।
जिला प्रशासन ने लोगों से हिमस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है। आज कारगिल में 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई पर हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। सड़क संपर्क बहाल करने के लिए शहरी और ग्रामीण दोनों सड़कों से बर्फ हटाने के लिए लोगों और मशीनरी को तैनात किया गया है।