मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में हो रही लगातार बारिश को देखते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन को सजगता और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्य करें। साथ ही आवश्यकता होने पर तत्काल आमजनता को आगाह किया जाए, जिससे कहीं भी कोई दुर्घटना न हो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रपटों और पुलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि तमाम सावधानियां के बाद भी यदि कोई घटना और दुर्घटनाएं होती हैं, तो ऐसे मामलों में प्रभावित परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
प्रदेश में अब तक औसत से 14 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है। इस मॉनसून में अभी तक हुई जन और पशु हानि और मकानों में क्षति के मामलों में राहत राशि तत्काल वितरण करने के निर्देश दिये गए हैं। इसके लिये जिलों में पर्याप्त बजट भी उपलब्ध करवाया गया है।
वर्तमान में फसल को कोई नुकसान नहीं हुआ है। कटनी जिले की ढीमरखेड़ा तहसील में बाढ़ प्रभावितों के लिए 02 कैम्प संचालित है, जिसमें कुल 290 लोगों को रखा गया हैं। सागर जिले में 01 कैम्प संचालित है, जिसमें 25 लोगों को रखा गया है।