मार्च 11, 2026 1:31 अपराह्न

printer

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, देश में स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली-कवच पर तेजी से हो रहा काम

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देश में स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली- कवच पर तेजी से काम चल रहा है। आज लोकसभा में पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि कवच एक जटिल प्रणाली है जिसमें पांच उप-प्रणालियाँ हैं। उन्होंने बताया कि 8 हजार 570 किलोमीटर में ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाई जा चुकी हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 1100 से अधिक दूरसंचार टावर लगाए जा चुके हैं और 767 स्टेशन डेटा सेंटर स्थापित किए गए हैं। श्री वैष्‍णव ने बताया कि 6 हजार 776 किलोमीटर में ट्रैक साइड उपकरण स्थापित किए जा चुके हैं। उन्‍होंने कहा कि कवच प्रणाली पर 90 के दशक में काम शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन यह काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2014 में कार्यभार संभालने के बाद शुरू हुआ।

एक अन्य पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रेलवे ने वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए अंडरपास और ओवरपास के निर्माण सहित कई कदम उठाए हैं। रेल मंत्रालय हाथियों सहित वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए ऑप्टिकल फाइबर केबल और एआई कैमरों जैसी तकनीकों का उपयोग कर रहा है।

कोंकण रेलवे से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में श्री वैष्णव ने कहा कि क्षमता बढ़ाने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि कोंकण रेल एक महत्वपूर्ण लाइन है और सुरंगों और पटरियों को मजबूत करने के प्रयास जारी हैं। श्री वैष्‍णव ने कहा कि महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक और केरल इस परियोजना में हितधारक हैं। उन्होंने कर्नाटक और केरल राज्य सरकारों से इसमें और सहयोग का अनुरोध किया।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला