जुलाई 25, 2025 7:11 अपराह्न

printer

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नाशिक में वर्ष 2027 में त्रयंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ के लिए रेलवे की योजनाओं की गहन समीक्षा की

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने नाशिक में वर्ष 2027 में त्रयंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ के लिए रेलवे की योजनाओं की गहन समीक्षा की। रेल मंत्रालय ने 2027 में होने वाले नाशिक-त्रयंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

श्री वैष्‍णव ने अधिकारियों से प्रयागराज महाकुंभ 2025 के अनुभव से सभी निकटवर्ती स्टेशनों पर पर्याप्त सुविधाएं विकसित करने की सलाह दी।

रेलवे सिंहस्थ कुंभ के लिए व्यापक बुनियादी ढांचे और परिचालन उन्नयन का कार्य करेगा। इसने पूरे क्षेत्र में स्टेशनों की क्षमता का विस्तार करने के लिए एक योजना तैयार की है। इसका लक्ष्य नाशिक सिंहस्थ कुंभ 2027 के दौरान सुव्यवस्थित यात्री आवागमन सुनिश्चित करना है।

अधिकारियों ने बताया कि मेला क्षेत्र के आसपास के पांच प्रमुख स्टेशनों पर यात्री यातायात का प्रबंधन किया जाएगा। ये स्टेशन हैं नाशिक रोड, देवलाली, ओढ़ा, खेरवाड़ी और कस्बे सुकेने। इन स्टेशनों पर प्रस्तावित कार्यों की लागत एक हज़ार करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है।