रेल मंत्रालय ने कोहरे के मौसम में रेलगाड़ियों की आवाजाही को सुचारू बनाने के लिए कई उपाय किए हैं। मंत्रालय ने उत्तरी रेलवे, उत्तर पूर्वी रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधकों को रेलगाड़ियों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने और खानपान सहित अन्य मुद्दों का समाधान करने की सलाह दी है। वंदे भारत और शताब्दी एक्सप्रेस के समय पर संचालन को सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त रैक उपलब्ध कराने का भी सुझाव दिया गया है।
मंत्रालय ने कहा कि अतिरिक्त रैक के लिए खानपान की व्यवस्था भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम-आई.आर.सी.टी.सी करेगा। मंत्रालय ने बताया कि रेल बोर्ड रेलगाड़ियों की निगरानी के सात-साथ वास्तविक समय में कार्रवाई कर रहा है। इसके अलावा वास्तविक समय में निगरानी करने और खानपान संबंधी मुद्दों का समाधान करने के लिए आई.आर.सी.टी.सी में एक वॉर रूम भी चालू किया जाएगा।