जनवरी 30, 2026 10:36 अपराह्न

printer

भारतीय रेलवे की महत्वपूर्ण उपलब्धि, कवच प्रणाली के चौथे संस्‍करण में 472 किलोमीटर नेटवर्क चालू

भारतीय रेलवे ने अपने नेटवर्क के तीन खंडों पर कवच के चौथे संस्‍करण के लगभग 472 किलोमीटर मार्ग को शुरू किया, जो रेल सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। तीन नए खंडों में पश्चिमी रेलवे का 344 किलोमीटर लंबा वडोदरा से विरार खंड, उत्तरी रेलवे का 35 किलोमीटर लंबा तुगलकाबाद जंक्शन केबिन से पलवल खंड और पूर्वी मध्य रेलवे का 93 किलोमीटर से अधिक लंबा मानपुर से सरमतनार खंड शामिल हैं। यह एक दिन में और एक महीने में कवच द्वारा चालू किए गए मार्गों की अब तक का सबसे लंबा मार्ग है।

इसके साथ ही भारतीय रेलवे के पांच मार्गों पर कुल 1300 किलोमीटर से अधिक पर कवच का चौथा संस्करण शुरू हो चुका है। मंत्रालय ने कहा कि इस प्रणाली के चालू होने से भारतीय रेलवे के व्यस्ततम मार्गों पर ट्रेनों की सुरक्षा, परिचालन सुरक्षा और विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए स्वदेशी कवच ​​प्रणाली की तैनाती में तेजी ला रहा है। कवच का चौथा संस्करण भारत की स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली का नवीनतम और सबसे उन्नत संस्करण है।