अगस्त 8, 2025 10:28 अपराह्न

printer

रेलवे 720 करोड़ से अधिक यात्रियों को सस्‍ती परिवहन सेवा प्रदान करता है: केन्‍द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव

केन्‍द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा कि रेलवे 720 करोड़ से अधिक यात्रियों को सस्‍ती परिवहन सेवा प्रदान करता है। रेलवे का किराया विश्‍व में सबसे कम है। राज्‍यसभा में आज एक लिखित प्रश्‍न के उत्तर में श्री वैष्‍णव ने कहा कि यात्री की यात्रा पर वित्तीय वर्ष 2023 – 24 में दी गई सब्सिडी की कुल धनराशि अनुमानित 60 हजार चार सौ 66 करोड़ रुपये है। यह यात्री यात्रा की लागत पर 45 प्रतिशत सब्सिडी के बराबर है।

 

श्री वैष्‍णव ने बताया कि दिव्यांगजनों, रोगियों और विद्यार्थियों की विभिन्न श्रेणियों के लिए इस सब्सिडी राशि से अधिक छूट जारी हैं। उन्‍होंने कहा कि पांच वर्ष से अधिक के अंतराल के बाद इस वर्ष जुलाई से किराये को युक्तिसंगत बनाया गया है। वहीं किराये में बहुत कम वृद्धि हुई है। रेलवे समाज के सभी वर्गों को सस्‍ती और गुणवत्तापूर्ण सेवा प्रदान करने पर ध्‍यान केन्द्रित कर रहा है।

 

उन्‍होंने कहा कि रेलवे ने सेमी-हाई-स्पीड की वंदे भारत रेलगाडि़यों की शुरुआत की है। इसका उद्देश्‍य यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव और उन्‍नत सुरक्षा प्रदान करना है। ये सेवाएं उन्‍नत सुरक्षा की विशेषताओं और आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित हैं। फिलहाल एक सौ 44 वंदे भारत रेल सेवाएं भारतीय रेलवे के ब्रॉड गेज इलेक्ट्रिक नेटवर्क पर परिचालन में हैं।

 

श्री वैष्‍णव ने बताया कि अमृत भारत स्‍टेशन योजना दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ नियमित आधार पर स्‍टेशनों के विकास के लिए शुरू की गई है। अब तक इस योजना के अंतर्गत विकास के लिए एक हजार 337 स्‍टेशनों की पहचान की गई है। पहले चरण के अंतर्गत एक सौ पांच स्‍टेशनों के कार्य पूरे कर लिए गए हैं।