मार्च 22, 2026 8:21 अपराह्न

printer

रूस-यूक्रेन संघर्ष पर अमरीका और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच फ्लोरिडा में ताजा वार्ता, प्रमुख मुद्दों पर चर्चा

रूस-यूक्रेन संघर्ष खत्‍म करने के लिए कल फ्लोरिडा में यूक्रेन और अमरीका के प्रतिनिधिमंडल के बीच ताजा बातचीत हुई जिसमें प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की गई। यूक्रेन की राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा परिषद के मंत्री रुस्तम उमेरोव ने कहा कि चर्चा व्यावहारिक परिणामों के लिए समन्वित दृष्टिकोण अपनाने पर केंद्रित थी। यूक्रेन की ओर से डेविड अराखामिया, किरिलो बुडानोव और सर्गेई किस्लित्स्या शामिल हुये जबकि अमरीकी प्रतिनिधिमंडल में राजदूत स्टीव विटकॉफ, जेरेड कुशनर, जोश ग्रुएनबाम और क्रिस कुरेन शामिल थे।

श्री उमेरोव ने कहा कि पहले दिन की बातचीत की जानकारी राष्ट्रपति वालोदिमीर ज़ेलेंस्की को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि रूस के साथ संघर्ष समाप्त करने की तत्परता का आकलन करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए वार्ता आज भी जारी रहेगी। श्री विटकॉफ ने बैठक को रचनात्मक बताया और कहा कि इसका उद्देश्य एक व्यापक शांति समझौते की दिशा में मुद्दों को हल करना है।

इस बीच, रूस के राष्‍ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूस फ्लोरिडा वार्ता में भाग नहीं लेगा। यूक्रेन, अमरीका और रूस के बीच त्रिपक्षीय वार्ता के पिछले दौर जनवरी और फरवरी में अबू धाबी में और फरवरी में जिनेवा में हुए थे।