फ़रवरी 4, 2026 7:56 पूर्वाह्न

printer

रूस ने यूक्रेन पर किए रातभर हमले

रूस ने यूक्रेन पर रातभर हमले किए। खराब मौसम के कारण पहली फरवरी तक एक सप्‍ताह के लिए कीव पर हमलों को रोकने संबंधी अमरीका के राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप के व्‍यक्तिगत आग्रह पर सहमति जताने के बाद रूस ने इस प्रकार के हमले न करने के वादे को तोड़ दिया है। यूक्रेन के राष्‍ट्रपति व्‍लोद्योमीर जेलेंस्‍की ने कहा कि ये हमले तब हुए हैं जब दोनों देश रूस के चार वर्ष के हमलों को समाप्‍त करने पर और वार्ता की तैयारी कर रहे थे।

 

यह वार्ता आज और कल संयुक्‍त अरब अमीरात के अबुधाबी में होगी। इस बमबारी में सैंकडों ड्रोन और रिकॉर्ड 32 बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्‍तेमाल किया गया है। इस हमले में लगभग दस लोग घायल हुए हैं। श्री जेलेंस्‍की ने बताया कि इस हमले में मुख्‍य रूप से बिजली ग्रि‍ड को निशाना बनाया गया।

   

नाटो के महासचिव मार्क रुट्टे ने यूक्रेन को समर्थन देने के लिए कीव का दौरा किया। उन्‍होंने कहा कि वार्ता के ठीक पहले रात भर हुए हमलों से मॉस्को के इरादों पर शक पैदा होता है। अधिकारियों ने मॉस्‍को और कीव के प्रतिनिधिमंडलों के बीच की हाल की वार्ता को रचनात्‍मक बताया है। एक वर्ष के प्रयासों के बाद ट्रंप प्रशासन अभी भी मुख्‍य मुद्दों का समाधान तलाश रहा है।