दिसम्बर 2, 2025 7:33 पूर्वाह्न

printer

रूस ने मॉस्को पर पूर्व-आक्रमण की अनुमति के बारे में एक वरिष्ठ नाटो अधिकारी की टिप्पणी को गैर-ज़िम्मेदाराना बताया

रूस ने मॉस्को पर पूर्व-आक्रमण की अनुमति के बारे में एक वरिष्ठ नाटो अधिकारी की टिप्पणी को गैर-ज़िम्मेदाराना बताया है और पश्चिमी सैन्य गुट के सदस्य देशों के लिए संभावित खतरों के बारे में चेतावनी दी है। रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने एक बयान में कहा कि इन टिप्पणियों को यूक्रेन संकट के समाधान के लिए चल रहे प्रयासों को कमज़ोर करने के एक जानबूझकर किए गए प्रयास के रूप में देखा जाना चाहिए। वे नाटो सैन्य समिति के अध्यक्ष इटली के एडमिरल ग्यूसेप कावो ड्रैगोन के साक्षात्कार पर प्रतिक्रिया दे रही थीं। इसमें उन्होंने कहा था कि नाटो, रूस के हाइब्रिड युद्ध के खिलाफ और अधिक आक्रामक होने पर विचार कर रहा है और कुछ परिस्थितियों में पूर्व-आक्रमण को रक्षात्मक कार्रवाई के रूप में देखा जा सकता है।

 

रूस के परमाणु सिद्धांत में हाल ही में हुए बदलावों का परोक्ष रूप से उल्लेख करते हुए, जिसमें गैर-परमाणु राष्ट्रों के खिलाफ परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की अनुमति दी गई है, यदि वे सामूहिक विनाश के हथियार रखने वाले गुट का हिस्सा हैं, तो उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को इस तरह की बयानबाजी की अनुमति देते हैं, उन्हें इससे उत्पन्न होने वाले जोखिमों और संभावित परिणामों को स्पष्ट रूप से समझना चाहिए। रूस के प्रवक्ता ने गुट पर हमला करते हुए कहा कि नाटो ने अपने वास्तविक लक्ष्यों और इरादों को छिपाना पहले ही बंद कर दिया है।