रूस ने यूक्रेन पर आज भीषण हमले में ओरेश्निक मिसाइल का इस्तेमाल किया जिसमें कीव में चार लोग मारे गए और 25 घायल हो गए। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि यह हमला दिसंबर के अंत में व्लादिमीर पुतिन के आवास पर यूक्रेन के ड्रोन हमले के जवाब में किया गया था। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि इस हमले में ओरेश्निक के अलावा, 13 अन्य मिसाइलों से ऊर्जा केन्द्रों और नागरिकों से संबंधित बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया।
इसमें 22 क्रूज मिसाइलें तथा 242 ड्रोन भी शामिल थे। ज़ेलेंस्की और यूक्रेन के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि एक मिसाइल ने लवीव में बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया, जो पोलैंड की सीमा से लगभग साठ किलोमीटर दूर है। उन्होंने कहा कि एक मिसाइल ने कतर दूतावास की एक इमारत को क्षतिग्रस्त कर दिया। ओरेश्निक एक मध्यम दूरी की हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल है और यह संभावित रूप से 5,500 किलोमीटर तक मार कर सकती है।