रूसी सेना ने जानकारी दी है कि उसके हवाई सुरक्षा बलों ने कल रात 10 क्षेत्रों में 337 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया है। रूसी सेना के अनुसार ये पिछले तीन वर्षों में रूस पर संभवत: सबसे बड़ा ड्रोन हमला है। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यूक्रेनी अधिकारियों ने अभी तक इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यूक्रेनी सीमा के पास कुर्स्क क्षेत्र में सबसे अधिक ड्रोन देखे गए, जहाँ 126 ड्रोन को मार गिराया गया। इसके अलावा अन्य 91 ड्रोन को रूस के मॉस्को क्षेत्र में प्रवेश करने से रोका गया। यह हमला यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की के सऊदी अरब में अमरीकी विदेश मंत्री मार्क रुबियो के साथ रूस से तीन साल के युद्ध को समाप्त करने पर चर्चा से कुछ घंटे पहले हुआ है।