फ़िलीपींस ने कई तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी हटा ली है। जापान ने कांटो से वाकायामा तक सुनामी की चेतावनी घटा दी है, लेकिन होक्काइडो और तोहोकू के कुछ हिस्सों के लिए चेतावानी लागू है। अधिकारियों ने कहा है कि सुनामी की लहरें अब भी उठ रही हैं। तटीय निवासियों से ऊँचे स्थानों पर जाने का आग्रह किया गया है।
इससे पहले, रूसी तट पर आए भीषण भूकंप के बाद रूस, जापान और अमरीका के हवाई के कुछ हिस्सों में सुनामी की लहरें उठीं। आज सुबह रूस के कामचटका प्रायद्वीप में आठ दशमलव आठ तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। इसके बाद पूरे प्रशांत क्षेत्र में व्यापक सुनामी की चेतावनी जारी की गई और कई देशों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया।
जापान में, 19 लाख से अधिक लोगों को तटीय क्षेत्रों से निकलने के लिए कहा गया है। उत्तरी इवाते प्रान्त में चार फुट से अधिक ऊँची लहर उठी हैं।
रूस के सखालिन क्षेत्र में आपातकालीन उपाय लागू किए गए हैं, जिसमें कुरील द्वीप समूह को पूरी तरह से खाली कराना भी शामिल है। भूकंप के तुरंत बाद एक बंदरगाह शहर में लहरों से पानी भर गया। स्थानीय अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी निवासियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
हवाई और रूस के कुछ हिस्सों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है।
अमरीका के तटरक्षक बल ने हवाई के सभी बंदरगाहों को यातायात के लिए बंद कर दिया है और कई उड़ानों का मार्ग बदल दिया गया है।
चीन, इंडोनेशिया, न्यूज़ीलैंड, पेरू और इक्वाडोर में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है।
यह भूकंप आधुनिक इतिहास में सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक है। प्रशांत क्षेत्र के निवासियों से सुरक्षित क्षेत्रों में रहने और स्थिति के अनुसार आधिकारिक दिशानिर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया है।
इस बीच, भूकंप और संभावित सुनामी के खतरे के बाद, सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने भारतीय नागरिकों को स्थानीय आपातकालीन प्रबंधन और अमरीकी सुनामी चेतावनी केंद्रों सहित अमरीकी अधिकारियों की चेतावनियों पर सावधानीपूर्वक नज़र रखने और स्थानीय अलर्ट का पालन करने की सलाह दी है। दूतावास ने नागरिकों से ऊँचे स्थानों पर जाने, तटीय क्षेत्रों से बचने, आपात स्थितियों के लिए तैयार रहने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चार्ज रखने का भी आग्रह किया है। दूतावास ने आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर +1-415-483-6629 पर संपर्क करने या enquiry.sf@mea.gov.in पर ईमेल के माध्यम से संपर्क करने को कहा है।