रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत, ब्राज़ील और अफ्रीकी देशों को स्थाई प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। श्री लावरोफ ने यह बयान कल रूस की सरकारी समाचार एजेंसी-तास के साथ साक्षात्कार में दिया।
पिछले महीने हुई संयुक्त राष्ट्र महासभा की आम सभा में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री, कीर स्टारमर ने परिष्कृत सुरक्षा परिषद में भारत के लिए स्थाई सदस्यता के साथ ही ब्राज़ील, जापान, जर्मनी और अफ्रीकी देशों के स्थाई प्रतिनिधित्व का पुरज़ोर समर्थन किया था।
इसके अलावा, चिली, फ्रांस, माइक्रोनेशिया और पुर्तगाल ने भी सुरक्षा परिषद में भारत की स्थाई सदस्यता का समर्थन किया है। अमरीका और रूस सुरक्षा परिषद के स्थाई सदस्य हैं, जिन्होंने भारत की स्थाई सदस्यता का समर्थन किया है।