रूस ने आज चेतावनी दी है कि वह अपनी संपत्ति ज़ब्त करने की कोशिश करने वाले किसी भी यूरोपीय देश के ख़िलाफ़ जवाबी कार्रवाई करेगा। ऐसी खबरें हैं कि यूरोपीय आयोग यूक्रेन की मदद के लिए ज़ब्त रूसी निधि का इस्तेमाल कर सकता है।
2022 में यूक्रेन पर आक्रमण के बाद, अमरीका, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ ने लगभग 300 अरब डॉलर की रूसी संप्रभु संपत्ति पर रोक लगा दी थी। स्थानीय मीडिया ने बताया कि यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन इन ज़ब्त निधियों से जुड़ी नकदी शेष राशि का उपयोग करके यूक्रेन की रक्षा के लिए नए तरीके तलाश रही हैं। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ कीव के लिए क्षतिपूर्ति ऋण के लिए यूरोपीय केंद्रीय बैंक में रूसी जमा राशि का उपयोग कर सकता है।