रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में स्विट्जरलैंड के जिनेवा में शांति वार्ता के पहले दिन की बैठक समाप्त हो गई है। मॉस्को द्वारा यूक्रेन पर किए गए पूर्ण आक्रमण की चौथी वर्षगांठ से एक सप्ताह पहले हो रही है। यूक्रेन के मुख्य वार्ताकार रुस्तम उमेरोव ने कहा कि चर्चा आज सुबह फिर से शुरू होगी। उन्होंने बताया कि वार्ता में व्यावाहारिक मुद्दों और संभावित समाधान प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित किया गया और इसके बारे में राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को जानकारी दी जाएगी।
उधर, जिनेवा में वार्ता से कुछ घंटे पहले रूस ने यूक्रेन पर एक बड़ा संयुक्त हवाई हमला किया, जिसमें 400 ड्रोन और लगभग 30 मिसाइलों से 12 क्षेत्रों को निशाना बनाया गया। यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में तीन लोग मारे गए है। इस बीच, रूस ने कहा कि उसकी हवाई सुरक्षा ने 150 से अधिक ड्रोन हमले को नाकाम किया, जबकि हमले के बाद एक तेल रिफाइनरी में आग लग गई।
इस बीच, रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि कल छह घंटे तक चली बातचीत तनावपूर्ण रही और विभिन्न द्विपक्षीय और त्रिपक्षीय प्रारूपों में हुई। बातचीत की मध्यस्थता डॉनल्ड ट्रम्प के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और श्री ट्रम्प के दामाद जेरेड कुशनर कर रहे हैं। रूस के पक्ष से राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सहयोगी व्लादिमीर मेडिंस्की मुख्य वार्ताकार हैं। यूक्रेन और रूस दोनों की टीमों में वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी शामिल थे।