रूस में कल बश्कोर्तोस्तान गणराज्य के ऊफ़ा में एक विश्वविद्यालय में चाकू से किए गए हमले में कई लोग घायल हो गए, जिनमें चार भारतीय छात्र शामिल हैं। रूस स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने बताया कि वे रूसी अधिकारियों के संपर्क में है। घायल छात्रों की सहायता के लिए कज़ान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों को ऊफ़ा भेजा गया है। रूसी संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि हमले में घायल चार लोगों का इलाज चल रहा है। घायलों में से एक की हालत गंभीर है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चाकू लिए एक 15 वर्षीय किशोर ऊफ़ा स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में घुस गया। गृह मंत्रालय ने कहा कि उसने वहां रहने वाले छात्रों पर हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है।