जनवरी 26, 2026 6:19 अपराह्न

printer

रियाद स्थित भारतीय दूतावास में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया

रियाद स्थित भारतीय दूतावास में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह में भारतीय समुदाय के सदस्यों, प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं, दूतावास के अधिकारियों और सऊदी अरब में मीडिया प्रतिनिधियों सहित लगभग पांच सौ लोगों ने भाग लिया। समारोह की शुरुआत सऊदी अरब में भारत के राजदूत डॉ. सुहेल एजाज खान द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने से हुई। डॉ० खान ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत के राष्ट्रपति का राष्ट्र और विदेशों में रहने वाले भारतीयों के नाम संदेश पढ़ा।

समारोह के दौरान स्कूली बच्चों और भारतीय समुदाय के सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। भारत के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विशेष खंड शामिल किए गए, जिनमें इसके ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को उजागर किया गया। राष्ट्रीय गीत के महत्व पर केंद्रित एक फोटो बूथ भी कार्यक्रम स्थल पर स्थापित किया गया था। समारोह के बाद डॉ० खान ने कहा कि यह आयोजन सऊदी अरब में रहने वाले भारतीयों के बीच राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को दर्शाता है, क्योंकि वे 26 जनवरी, 1950 को भारत के संविधान को अपनाने की वर्षगांठ मनाने के लिए एक साथ आए थे।