फ़रवरी 10, 2026 6:09 अपराह्न

printer

रियाद में विश्व रक्षा प्रदर्शनी- 2026 में भारत ने अपनी स्वदेशी रक्षा क्षमताओं का प्रदर्शन किया

सऊदी अरब की राजधानी रियाद में आयोजित विश्व रक्षा प्रदर्शनी – 2026 में भारत ने अपनी स्वदेशी रक्षा क्षमताओं का प्रदर्शन किया। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने 8 और 9 फरवरी को आयोजित इस कार्यक्रम में एक उच्च स्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भारतीय पवेलियन का उद्घाटन किया, जिसमें रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और निजी भारतीय कंपनियों द्वारा देश की विनिर्माण क्षमता का प्रदर्शन किया गया। उन्होंने उद्घाटन समारोह के दौरान अंतरराष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों के साथ मुलाकात भी की। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सऊदी अरब सैन्य उद्योग और सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय के प्रदर्शनी क्षेत्रों का भी दौरा किया और उनकी नवीनतम स्वदेशी तकनीकी विकास की समीक्षा की।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सऊदी अरब के कार्यकारी मामलों के सहायक रक्षा मंत्री डॉ. खालिद बिन हुसैन अल-बियारी के साथ दोनों देशों के सशस्त्र बलों में सहयोग और समन्वय बढ़ाने के मुद्दे पर चर्चा की। उन्होंने सऊदी अरब के रक्षा विकास सामान्य प्राधिकरण के गवर्नर डॉ. फलेह बिन अब्दुल्ला अल-सुलेमान से भी मुलाकात की और वैश्विक निर्यात केंद्र के रूप में भारत के उदय का उल्‍लेख किया।

रक्षा राज्य मंत्री ने सऊदी अरब के सैन्य उद्योग महानिदेशालय – जीएएमआई के गवर्नर अहमद बिन अब्दुलअज़ीज़ अल-ओहाली से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने रणनीतिक सहयोग के साझा क्षेत्रों और दोनों देशों के आपूर्ति श्रृंखला तंत्र को मजबूत करने के संबंध में चर्चा की।रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बैठक के दौरान भारत की रक्षा क्षमताओं का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने के लिए जीएएमआई के नेतृत्व में एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल के भारत दौरे का प्रस्ताव भी रखा।

भारतीय दूतावास में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय और सऊदी रक्षा कंपनियों के प्रमुखों को संबोधित करते हुए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रक्षा आवश्यकताओं में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने के लिए भारत और सऊदी अरब के बीच संयुक्त सहयोग के महत्व पर जोर दिया। उन्‍होंने मेक इन इंडिया मेक फॉर द वर्ल्ड विजन के अन्‍तर्गत वैश्विक समर्थन के लिए भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।