फ़रवरी 13, 2026 11:15 पूर्वाह्न

printer

राहुल गांधी झूठी कहानियों के जरिए किसानों को गुमराह करने और भड़काने की कोशिश कर रहे हैं: वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर गलत सूचना फैलाने और निराधार आरोप लगाने का आरोप लगाया है। गोयल ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि राहुल गांधी झूठी कहानियों के जरिए किसानों को गुमराह करने और भड़काने की कोशिश कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने विभिन्न योजनाओं और नीतिगत फैसलों के माध्यम से किसानों के कल्याण और समृद्धि को लगातार प्राथमिकता दी है। उन्होंने यह भी कहा कि अमरीका के साथ हाल ही में हुए व्यापार समझौते में देश के किसानों के हितों की पूरी तरह से रक्षा की गई है।

श्री गोयल ने कहा कि बासमती चावल, फल, मसाले, चाय और समुद्री उत्पादों सहित कई भारतीय कृषि उत्पादों को बेहतर बाजार पहुंच मिलने की उम्मीद है। इससे निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि सूती वस्त्र निर्यात के विस्तारित अवसरों से कपास की मांग बढ़ेगी और कपास उत्पादकों को लाभ होगा। मंत्री ने आश्वासन दिया कि व्यापार समझौता निर्यात के नए अवसर पैदा करेगा और कृषि उत्पादों की मांग में वृद्धि और बेहतर कीमतों को सुनिश्चित करेगा।