प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भावी पीढ़ियों के लिए मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने, जल संरक्षण और संसाधनों के उचित उपयोग की आवश्यकता को रेखांकित किया है। उन्होंने मिशन लाइफ, एक पेड़ मां के नाम और अमृत सरोवर जैसी पहल को इसी भावना से प्रेरित बताया। श्री मोदी ने आज नई दिल्ली में सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के आवास पर आयोजित पोंगल समारोह में सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि जब धरती हमें इतना कुछ देती है, तो उसका संरक्षण करना हमारा कर्तव्य है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार कृषि को दीर्घकालिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए प्रयासरत है। हर बूंद, अधिक फसल के आह्वान को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में टिकाऊ कृषि पद्धतियां, जल प्रबंधन, प्राकृतिक खेती और कृषि प्रौद्योगिकी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रधानमंत्री ने किसानों को राष्ट्र निर्माण में सशक्त भागीदार बताते हुए कहा कि उनके प्रयासों से आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, किसानों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए अथक प्रयास कर रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पोंगल जीवंत तमिल संस्कृति और प्रकृति से जुड़ाव का पर्व है, जो प्रकृति, परिवार और समाज के साथ संतुलन स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि पोंगल अब वैश्विक त्यौहार बन गया है, जो किसानों की मेहनत के सम्मान का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने पोंगल को धरती और सूर्य के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि आज देश के अन्य क्षेत्र भी पोंगल की तरह लोहड़ी, मकर संक्रांति और माघ बिहू जैसे त्यौहारों के उल्लास में झूम रहे हैं। यह, एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को और सुदृढ़ करता है। श्री मोदी ने कहा कि पोंगल का त्यौहार हमें प्रकृति को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित करता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा कि तमिल संस्कृति विश्व की सबसे प्राचीन जीवंत सभ्यताओं में से एक है, जो सदियों को आपस में जोड़ती है, इतिहास से सीख लेती है और वर्तमान को भविष्य की ओर अग्रसर करती है। उन्होंने बताया कि तमिल संस्कृति समूचे देश और मानवता की साझा विरासत है, जिसमें किसानों को जीवन का आधार माना जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इसी से प्रेरित होकर आज का भारत अपनी जड़ों से शक्ति प्राप्त कर रहा है और नई संभावनाओं की ओर बढ़ रहा है।
मीडिया से बातचीत में डॉक्टर एल. मुरुगन ने उनके आवास पर पोंगल समारोह में शामिल होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने देशवासियों को पोंगल और मकर संक्रान्ति की शुभकामनाएं भी दीं।